Badaun News : थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कादरचौक से बदायूं की ओर लगभग तीन किलोमीटर आगे सड़क किनारे राहगीरों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। शव देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 22 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। महिला के दोनों पैरों में बिछिया, पैरों में चप्पल, मांग में सिंदूर और बालों में बैंगनी रंग का क्लेचर लगा हुआ मिला है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह विवाहित थी। इसके अलावा महिला के नाक में पीली धातु की बाली भी पाई गई है। शव की स्थिति और आसपास के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिनके आधार पर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ कर रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके।
क्या बोले जिम्मेदार
थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
क्षेत्र में भैया और डर का माहौल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जल्द खुलासे का दिया आश्वासन
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही हैं।
क्या बोले क्षेत्र के लोग
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और मृतका को न्याय दिलाने में कितनी सफल होती है।

0 टिप्पणियाँ